सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर फरार हो गए।
चार गाड़ियों में पहुंचे थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक ओडिशा पुलिस की टीम आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। इसी दौरान छुहिया घाटी में चार गाड़ियों से पहुंचे बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और आरोपी को जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार फायरिंग की। इसके अलावा पुलिसकर्मियों पर बेसबॉल बैट से हमला किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के समय पुलिस टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। टीम के पास AK-47, पिस्टल समेत अन्य हथियार भी बताए जा रहे हैं।
आरोपी को लेकर फरार हुए बदमाश
फायरिंग और हमले के बाद बदमाश NDPS मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के थानों की टीमों को भी रवाना किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीधी एसपी भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बदमाशों की गाड़ियां वारदात के बाद मैहर जिले की ओर रवाना हुई हैं। पुलिस संभावित रास्तों पर वाहनों की जांच कर रही है।
किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की पुष्टि नहीं
फायरिंग और मारपीट की घटना के बावजूद फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं।