मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया।
विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है।
युवाओं के सपने नहीं हैं छोटे
काशीपुर में छात्रों के साथ संवाद के दौरान उनके विचारों, सुझावों और भविष्य के विजन को जानने का अवसर मिला। उत्तराखंड के विकास को लेकर हमारे युवाओं की सोच स्पष्ट है, उनके सपने बड़े हैं और उन्हें साकार करने का संकल्प भी मजबूत है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 19, 2026
युवा शक्ति का यह उत्साह और ऊर्जा विश्वास दिलाती है कि… pic.twitter.com/p9JG5jrFNq
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी सिर्फ सपने देखती नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है। ‘मेरे सपनों के उत्तराखंड’ अभियान में मिले युवाओं के सुझावों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
शिक्षा और रोजगार पर फोकस
सीएम ने बताया कि राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू है। देहरादून में साइंस सिटी, STEM लैब्स और इनोवेशन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनें
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने का सपना देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप, नवाचार, आधुनिक स्किल्स, उद्योग और खेल के क्षेत्र में अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए अपना पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो।
नशे से दूर रहने का संकल्प
सीएम धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों व साथियों को भी इससे बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के असली कर्णधार युवा हैं और उनकी सोच व मेहनत प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।