प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल पर मौजूद छात्रों से संवाद भी किया। उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाया और बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
करोड़ों दीपों से सकारात्मक ऊर्जा का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने विश्वकर्मा जयंती की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के साथ प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों का अभिनंदन किया।
‘नए भारत के शिल्पी हैं प्रधानमंत्री मोदी’
विश्वकर्मा जयंती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पी बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नए भारत का शिल्पी’ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अपनी नई पहचान बनाई है। सीएम योगी के मुताबिक, भारत आज नई पहचान, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।
‘यूपी की 25 करोड़ जनता पीएम मोदी के साथ’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि देश में हो रहे बदलाव से हर क्षेत्र के व्यक्ति को गौरव की अनुभूति हो सकती है।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।