मध्यप्रदेश भाजपा ने आने वाले महीनों के लिए सरकार और संगठन के कामकाज को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में मंथन शुरू कर दिया है। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को हुई कोर ग्रुप की बैठक में 20 से ज्यादा मुद्दों पर चर्चा हुई। संगठन की आगामी गतिविधियों से लेकर सरकार के जनकल्याण और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने, बूथ स्तर तक संगठन को और सक्रिय करने तथा आने वाली चुनौतियों पर नेताओं ने अपनी बात रखी। नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा के पदभार संभालने के बाद यह पहली बार था, जब कोर ग्रुप के स्तर पर सरकार और संगठन के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के जनकल्याण और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। वहीं संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी आने वाले समय में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की योजनाओं की जानकारी संगठन के माध्यम से लोगों तक किस तरह प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए, इस पर भी विचार किया गया। कोर ग्रुप के सदस्यों ने अपने क्षेत्रों और संगठनात्मक स्तर पर मिले फीडबैक के आधार पर सुझाव रखे।
अब तय एजेंडे की होगी समीक्षा
बैठक में जिन मुद्दों और सुझावों पर चर्चा हुई, उनकी प्रगति पर आने वाले महीनों में नजर रखी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, भविष्य में होने वाली कोर ग्रुप की बैठकों में यह समीक्षा की जाएगी कि बुधवार को तय की गई प्राथमिकताओं पर कितना काम हुआ। यानी अब सिर्फ चर्चा तक सीमित रहने के बजाय एजेंडे पर हुई प्रगति की रिपोर्टिंग और समीक्षा भी बैठकों का हिस्सा होगी। सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से भी संवाद
नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने जिम्मेदारी संभालने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता शुरू कर दी है। पार्टी स्तर पर बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद और जमीनी फीडबैक लेने पर भी जोर दिया जा रहा है। संगठन के जरिए जनसेवा से जुड़े कामों को विस्तार देने और सरकार तथा संगठन के बीच लगातार संवाद बनाए रखने को आगे की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता मौजूद
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब मौजूद रहे। सह प्रभारी रेखा वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी बैठक में हिस्सा लिया। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और संपतिया उइके, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते और लता वानखेड़े समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हुए।