खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों में हैं। निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने खान सर पर कई लड़कियों के साथ गलत व्यवहार और शोषण करने के आरोप लगाए हैं। निखिल कुमार ने शनिवार को पटना के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि ऐसी 7 से 8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं, जो खान सर के खिलाफ इंसाफ चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वे इन लड़कियों की लड़ाई लड़ेंगे और जल्द ही पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को सामने रखेंगे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। खान सर की टीम ने आरोपों को उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
‘7-8 लड़कियां संपर्क में’
निखिल कुमार ने दावा किया कि खान सर के खिलाफ कई लड़कियां सामने आने की तैयारी में हैं। उनके मुताबिक, कुछ लड़कियां डर की वजह से अभी अपनी बात सार्वजनिक नहीं कर रही हैं। निखिल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की एक लड़की के सामने आने के बाद दूसरी लड़कियों ने भी उनसे संपर्क किया है। उनका दावा है कि इन लड़कियों के पास अपने-अपने अनुभव और जानकारी हैं। निखिल कुमार ने कहा कि उनके पास मामले से जुड़े पक्के सबूत हैं और जल्द ही उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।
‘मेरी रेकी कराई जा रही’
निखिल कुमार ने खान सर पर उन्हें धमकी देने और उनकी रेकी कराने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में पटना SSP से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है। निखिल के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने पीरबहोर थाने में सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया था। लड़की ने कथित तौर पर कहा था कि वह खान सर से जुड़े कुछ राज जानती है और इसी वजह से उसे अपनी सुरक्षा का डर है। निखिल का कहना है कि उन्होंने उस लड़की का समर्थन किया था। इसके बाद से उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलने लगीं।
‘पैसे देकर चुप कराने की कोशिश’
निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि खान सर से जुड़े मामले में सच्चाई सामने लाने की कोशिश के दौरान उन्हें पैसे का ऑफर भी दिया गया था।
उन्होंने दावा किया कि इनकार करने के बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। शिकायत में निखिल ने कहा है कि 25 जून 2026 से शाहगंज स्थित उनकी वर्तमान कोचिंग के आसपास कथित तौर पर रेकी कराई जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोचिंग पर कब्जे का भी आरोप
निखिल कुमार ने खान सर पर अपनी कोचिंग हड़पने का भी आरोप लगाया। उन्होंने SSP को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 2014 में मुसल्लहपुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में निखिल कोचिंग सेंटर शुरू किया था। उनके मुताबिक, इसी दौरान फैजल खान को वहां पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी। निखिल का आरोप है कि 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए खान सर ने कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। निखिल ने दावा किया कि इस मामले से जुड़े पुराने दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।
खान सर की टीम ने आरोप नकारे
खान सर फिलहाल पटना में नहीं हैं। मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने उनकी टीम से बात की। टीम ने निखिल कुमार के आरोपों को खान सर की छवि खराब करने की कोशिश बताया। टीम का कहना है कि खान सर को किसी तरह के अंडरवर्ल्ड या दबंग व्यक्ति के तौर पर पेश करना गलत है। टीम ने सवाल उठाया कि अगर खान सर लगातार लोगों को धमकी देते हैं, तो इसकी पुष्टि कहां है। खान सर की टीम ने यह भी कहा कि रौशन आनंद और खान सर के बीच विवाद के बाद से लगातार उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
‘