नोएडा में 5 मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी, इसी दौरान उसमें धमाका हो गया और आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई।
बिल्डिंग मालिक को हिरासत में
फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची है। बिल्डिंग में रहने वाले करीब 50 परिवारों का रेस्क्यू करने का काम जारी है। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें दिख रहा है कि 2 इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाई गई हैं। इन्हीं के सहारे लोग दूसरी बिल्डिंग में ले जाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को हिरासत में ले लिया है। आग सेक्टर-66 के ममूरा क्षेत्र में लगी है। यह भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां नौकरी कर रहे लोग अपने परिवार के साथ रहते हैं।

30 से 40 गाड़ियां जलकर खाक
आग लगने से 30 से 40 गाड़ियां जलकर खाक हो गई। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए, जिससे जाम लग गया। इसके चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में दिक्कत हुई। मुख्यमंत्री योगी ने घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के आदेश दिए। साथ ही राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों का बेहतर इलाज कराने को कहा। मुख्यमंत्री योगी ने प्रशासन को सतर्क रहने और राहत कार्यों पर लगातार नजर रखने के भी निर्देश दिए।
लापरवाही के आरोप में बिल्डिंग के लीजहोल्डर और ऑपरेटर के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।