देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2027 में कम से कम 6 दिन चलेगी। यह पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में कराई जाएगी। पेपर के लिए देश भर में 1 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद यह बदलाव किए जा रहे हैं।
CBT मोड में होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी हर साल मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए NEET आयोजित करता है। अभी तक यह परीक्षा पेन-पेपर मोड में होती रही है। NEET-UG में हर साल करीब 25 लाख कैंडिडेट्स हिस्सा लेते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक परीक्षा की नई योजना अभी तैयार की जा रही है। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE की तरह NEET भी अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी।
पेपर लीक के बाद लिया फैसला
NEET में यह बदलाव 2024 में पेपर लीक और गड़बड़ियों के विवाद के बाद सामने आया है। इसके बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि NEET-UG अब पेन-पेपर की बजाय CBT मोड में होगी। शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच कई सालों से इस बदलाव पर चर्चा चल रही थी, लेकिन परीक्षा सुधारों की प्रक्रिया पेपर लीक विवाद के बाद तेज हो गई। इसी परीक्षा के नतीजों के आधार पर डेंटिस्ट्री, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में भी दाखिला मिलता है।
परीक्षा हुई थी रद्द
बता दे इस साल यानी 2026 में NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 सेंटर्स में हुई थी। इसमें करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। NTA के मुताबिक 7 मई की शाम परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। इसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया। 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई और री-एग्जाम का फैसला लिया गया। 15 मई को शिक्षा मंत्रालय और NTA ने NEET री-एग्जाम की तारीख का ऐलान किया। इस मामले की जांच CBI कर रही है।