अयोध्या। राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार दर्शन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए VIP/विशेष पास सिस्टम पूरी तरह खत्म कर दिया है। अब श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन के लिए अलग से कोई पास बनवाने की जरूरत नहीं होगी।नई व्यवस्था के तहत भक्त पहले सामान्य कतार में रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद उसी क्रम में मंदिर की पहली मंजिल पर स्थापित राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए किसी अतिरिक्त अनुमति या विशेष पास की आवश्यकता नहीं होगी।
हर श्रद्धालु को मिलेगा दर्शन का मौका
अब तक राम दरबार के दर्शन सीमित संख्या में जारी किए जाने वाले विशेष पास के जरिए ही संभव थे। इस व्यवस्था के कारण कई श्रद्धालु चाहकर भी राम दरबार तक नहीं पहुंच पाते थे। ट्रस्ट ने अब इस व्यवस्था को समाप्त कर सभी भक्तों के लिए दर्शन प्रक्रिया समान और आसान बना दी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया फैसला
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य दर्शन प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है। इससे अधिक संख्या में श्रद्धालु बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के रामलला के साथ-साथ राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे।माना जा रहा है कि इस बदलाव से त्योहारों और छुट्टियों के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी और दर्शन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित होगी।
अब क्या बदला?
- राम दरबार के लिए अलग VIP/विशेष पास की जरूरत नहीं।
- सामान्य दर्शन कतार से ही रामलला के दर्शन होंगे।
- इसके बाद श्रद्धालु सीधे पहली मंजिल पर स्थित राम दरबार पहुंच सकेंगे।
- नई व्यवस्था सभी श्रद्धालुओं पर समान रूप से लागू होगी।