इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों से संवाद किया। कार्यक्रम की थीम ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ रखी गई। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र सवाल पूछता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था के कुछ हिस्से ऐसे लोगों को पसंद करते हैं जो सवाल न पूछें और हर बात को स्वीकार कर लें।
राहुल बोले- कैंडिडेट्स से भी हुई गलतियां
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान कुछ अभ्यर्थियों से भी गलतियां हुई हैं, लेकिन कई युवाओं का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उनके इस सवाल के जवाब में कार्यक्रम में मौजूद छात्रों की ओर से आवाज आई- “सर, हम सिस्टम से हार गए।” राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के बीच परीक्षा और चयन प्रक्रिया को लेकर पैदा हुई चिंता को समझना जरूरी है।
पेपर लीक पर सिस्टम के अंदर बैठे लोगों पर सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम के अंदर मौजूद कुछ लोग भ्रष्ट हो सकते हैं और पैसे के लालच में पेपर लीक जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। उनके मुताबिक ऐसी घटनाओं का असर केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार बना रहेगा तो उसका सीधा नुकसान छात्रों को उठाना पड़ेगा।
छात्रों के मन में सवाल- परीक्षा पर भरोसा कैसे करें?
राहुल गांधी ने छात्रों की चिंताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई युवा अपने भविष्य को लेकर असहज और दबाव में हैं। उन्होंने छात्रों के सवालों को सामने रखते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पर भरोसा कैसे किया जाए और यह कैसे सुनिश्चित हो कि चयन पूरी पारदर्शिता से हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को सुनना और उनके सवालों पर चर्चा करना जरूरी है।
‘छात्रों की गूंज’ में पेपर लीक से निजीकरण तक मुद्दे
राहुल गांधी ने इंदौर पहुंचने पर स्वागत के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोटा, देहरादून और पुणे के बाद अब इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रमों में पेपर लीक, संस्थागत व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा की बढ़ती लागत और निजीकरण जैसे मुद्दों पर छात्रों से चर्चा की जा रही है।
‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ पर युवाओं की बात
राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर कार्यक्रम में युवा मंच पर आकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि आज का विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ रखा गया है, जिसमें छात्र बताएंगे कि वे व्यवस्था को किस तरह देखते हैं और उनके भविष्य के सामने कौन-कौन सी चुनौतियां हैं। इसके साथ ही उन्होंने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत की।