Nari Shakti Vandan Sammelan: देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में 15 अप्रैल को ‘नारी शक्ति वंदन टाउन हॉल सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए युगांतरकारी कदम बताया गया। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने इस अधिनियम को देश के राजनीतिक इतिहास में मील का पत्थर बताया।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम
कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की मातृशक्ति को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिला कल्याण, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
Nari Shakti Vandan Sammelan: राष्ट्र निर्माण में भागीदारी
वहीं, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि यह कानून महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाने के साथ ही निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने वाला बड़ा परिवर्तनकारी प्रयास है। मंत्री रेखा आर्या ने मातृशक्ति से आह्वान किया कि इस पहल को जनआंदोलन का रूप देकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और यह कानून उन्हें नई दिशा देगा।
