Punjab news: पंजाब की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। बुधवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में जालंधर और फगवाड़ा स्थित उनके आवास, संस्थानों और कारोबारी परिसरों को एक साथ निशाना बनाया गया।
दिल्ली से पहुंची ईडी की टीमों ने कई जगहों को घेर लिया, जबकि मित्तल के घर के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया। अंदर अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
लवली ग्रुप और LPU समेत कई संस्थान रडार पर

सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) और लवली ग्रुप से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों तक भी पहुंची है। जांच के दायरे में लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर जैसे संस्थान भी शामिल हैं।
इसके अलावा मित्तल परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में भी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों के ठिकानों पर भी ईडी की टीमों ने छानबीन तेज कर दी है।
FEMA उल्लंघन के आरोपों पर कार्रवाई
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसियां विशेष रूप से विदेशी फंडिंग और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाकर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके कुछ ही दिनों बाद हुई यह कार्रवाई राजनीतिक दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है।
CM मान ने कसा तंज-‘भाजपा की चुनावी तैयारी’

ईडी की इस रेड को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है। उन्होंने इसे ‘टिपिकल मोदी स्टाइल’ करार देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे दबाव में आने वाली नहीं है।
केजरीवाल और AAP नेताओं ने भी किया पलटवार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे और भाजपा को इसका करारा जवाब देंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
भाजपा ने किया तीखा पलटवार, बोली-‘भ्रष्टाचार पर होगी कार्रवाई’
वहीं, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार के नेताओं के ‘कारनामे’ अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो केंद्र सरकार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाने पड़ेंगे।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी कहा कि जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई कर रही हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। ईडी की इस कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। जहां एक ओर आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक दबाव बता रही है, वहीं भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करार दे रही है।
