Bangladeshi woman arrest: ऋषिकेश पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से पश्चिम बंगाल के पते पर बना फर्जी आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद हुए हैं। मामले का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि 15 अप्रैल को स्थानीय अभिसूचना इकाई को ऋषिकेश क्षेत्र में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने की गुप्त सूचना मिली।

चेकिंग अभियान
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने नटराज चौक और डग रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गेट नंबर-03 डग रोड के पास से संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान रीना उर्फ रीता निवासी जिला सरियातपुर, ढाका, बांग्लादेश के रूप में बताई। महिला ने खुलासा किया कि वह करीब एक महीने पहले रिपोन नामक व्यक्ति की मदद से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हुई।

Bangladeshi woman arrest: रोजगार का झांसा
रिपोन ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया और भारत में अच्छे रोजगार का झांसा दिया। भारत आने के बाद महिला ने अपनी पहचान छुपाने के लिए पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक भारतीय आधार कार्ड बनवाया। वह 13 अप्रैल को दिल्ली से बस के जरिए ऋषिकेश पहुंची। पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेशी नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल बरामद किया है। कोतवाली ऋषिकेश में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के साथ आगे की जांच में जुट गई है और महिला को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
