भोपाल। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच बुंदेली गायक सुनील लोधी भी चर्चा में हैं। फिल्म के भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। नेत्रहीन सुनील लोधी की प्रतिभा से प्रभावित होकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी आंखों का इलाज कराने का भरोसा दिया है।
आज भोपाल निवास में सागर जिले के प्रतिभाशाली युवा बुंदेली गायक श्री सुनील लोधी जी एवं उनके माता-पिता का सम्मान किया।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 3, 2026
फिल्म 'हनुमान अंश' में उनके लोकप्रिय गीत ने जन-जन को भाव-विभोर किया है। उन्हें ₹1 लाख की सम्मान निधि दी जाएगी। श्री लोधी की आंखों की रोशनी लाने के लिए जांच भी… pic.twitter.com/sBAaQ1xXiX
CM आवास पर सुनील ने सुनाया भजन
4 सितंबर को सुनील लोधी अपने माता-पिता के साथ भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सुनील ने तंबूरा बजाकर अपना चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ सुनाया। उनकी आवाज और प्रतिभा की मुख्यमंत्री ने जमकर सराहना की।
आंखों की रोशनी लौटने की जगी उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील की आंखों की विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराई जाएगी और इलाज की संभावनाएं देखी जाएंगी। सरकार की ओर से उनके इलाज की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया गया है। इसके साथ ही सुनील की संगीत शिक्षा पूरी कराने और उन्हें संस्कृति विभाग से जोड़ने की भी बात कही गई।
सुनील को मिलेगी एक लाख की सम्मान निधि
सुनील लोधी की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा भी की। सीएम ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
‘हनुमान अंश’ की कमाई भी चर्चा में
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है। दी गई जानकारी के मुताबिक करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ने 111 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म के भजन ने भी दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। सुनील लोधी ने सीएम से मुलाकात के बाद खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इलाज के बाद उनकी आंखों की रोशनी लौट सकती है।