दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीतम श्रीनिवास राव का शनिवार रात चेन्नई में निधन हो गया। वे 94 साल के थे। उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उनका कावेरी अस्पताल में इलाज चल रहा था। भारतीय सिनेमा में अलग तरह की कहानियों और प्रयोगों के लिए पहचाने जाने वाले सिंगीतम ने तेलुगु, तमिल, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी में कई यादगार फिल्मों का निर्देशन किया।
सिनेमा में सहायक निर्देशक के तौर पर शुरू किया सफर
सिंगीतम श्रीनिवास राव ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत बतौर सहायक निर्देशक की थी। इसके बाद साल 1972 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘नीति निजायिति’ से निर्देशन की शुरुआत की। करीब छह दशक के करियर में उन्होंने लगभग 60 फिल्मों का निर्देशन किया।
‘पुष्पक विमानम’ ने बनाई खास पहचान
सिंगीतम की सबसे चर्चित फिल्मों में ‘पुष्पक विमानम’ शामिल है। 1987 में आई इस फिल्म में कमल हासन मुख्य भूमिका में थे और फिल्म में पारंपरिक संवादों का इस्तेमाल नहीं किया गया था। कहानी को विजुअल कॉमेडी और अभिनय के जरिए आगे बढ़ाया गया। फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला।
‘आदित्य 369’ से साइंस फिक्शन को नई पहचान
साल 1991 में रिलीज हुई ‘आदित्य 369’ उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में रही। टाइम ट्रैवल पर आधारित इस साइंस फिक्शन फिल्म ने तेलुगु सिनेमा में एक अलग तरह की कहानी पेश की। इसके अलावा ‘मयूरी’, ‘भैरव द्वीपम’, ‘माइकल मदना काम राजन’ और ‘मगलिर मत्तुम’ जैसी फिल्मों ने भी उनकी अलग पहचान बनाई।
कमल हासन के साथ रहा खास जुड़ाव
सिंगीतम श्रीनिवास राव और कमल हासन की जोड़ी ने कई यादगार फिल्में दीं। दोनों ने ‘पुष्पक विमानम’, ‘अपूर्व सगोदरगल’ और ‘माइकल मदना काम राजन’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। कमल हासन ने उनके निधन पर उन्हें अपना गुरु और खुद को उनका शिष्य बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
94 साल की उम्र में किया निर्देशन
सिंगीतम ने लंबे अंतराल के बाद 2026 में निर्देशन में वापसी की। उनकी आखिरी फिल्म ‘सिंग गीथम’ 12 जून 2026 को रिलीज हुई। फिल्म में पर्यावरण, प्रकृति और लालच जैसे विषयों को कहानी का हिस्सा बनाया गया था।
फिल्म इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन की खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई श्रद्धांजलियां सामने आईं। जूनियर NTR ने उन्हें समय से आगे सोचने वाला फिल्ममेकर बताया। वहीं कई कलाकारों और फिल्ममेकर्स ने उनके योगदान को याद किया।
कमल हासन ने रविवार को X पर सिंगीतम की तस्वीर शेयर की।

उन्होंने खुद को सिंगीतम का शिष्य बताया और उनके साथ काम करने का अनुभव याद किया।
जूनियर NTR

X पर सिंगीतम को समय से आगे सोचने वाला फिल्ममेकर बताया। उन्होंने लिखा, “सिंगीतम श्रीनिवास राव गरु के नहीं रहने की खबर बेहद दुखद है।”
नाग अश्विन ने साझा किया आखिरी स्क्रिप्ट आइडिया

महेश बाबू ने भी दी श्रद्धांजलि

श्रुति हासन ने सिंगीतम श्रीनिवास राव के निधन पर लिखा, “सबसे बेहतरीन अलविदा अंकल। हम सभी को सिखाने के लिए आपका धन्यवाद।”

सिंगीतम श्रीनिवास राव की फिल्मों में प्रयोग, कल्पना और अलग तरह की कहानी कहने की शैली साफ नजर आती थी। उनके निधन के साथ भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया, जिसने कई दशकों तक अलग-अलग भाषाओं और शैलियों में काम किया।