दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए 26 वर्षीय तरुण हत्याकांड में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित 23 वर्षीय आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सोहेल करीब पांच महीने से गिरफ्तारी से बच रहा था और दिल्ली से निकलकर नेपाल भागने की तैयारी में था। अदालत ने 31 जुलाई को उसे भगोड़ा घोषित किया था।
क्राइम ब्रांच की ER-1 टीम ने 8 अगस्त को पालम फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा। पूछताछ में पुलिस को उसके दिल्ली से बाहर रहने और अलग-अलग जगहों पर छिपने की जानकारी मिली है।
मृतक तरुण (दाएं)
पालम फ्लाईओवर के पास पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की ER-1 टीम को सूचना मिली थी कि सोहेल पालम फ्लाईओवर के आसपास आने वाला है। हेड कांस्टेबल मोहित कुमार ने यह जानकारी इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह तक पहुंचाई। इसके बाद ACP सुनील श्रीवास्तव के निर्देश और DCP संजीव कुमार की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।
HC मोहित कुमार और कांस्टेबल दीपक ने पालम से डाबरी जाने वाली सड़क पर निगरानी शुरू की। मुखबिर ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान सोहेल के तौर पर की, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

जांच में सामने आई आरोपी की पहचान
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी की पहचान हसथसाल रोड स्थित जेजे कॉलोनी निवासी सोहेल के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि वह तरुण हत्याकांड में भगोड़ा घोषित आरोपी है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सोहेल ने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उसने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद और दुश्मनी चली आ रही थी। तरुण की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह दिल्ली से बाहर निकल गया और जयपुर समेत अलग-अलग स्थानों पर रहा।
BA प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था सोहेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 12वीं तक पढ़ाई की है और दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उसके खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
तरुण का बड़ा भाई
होली पर पानी के गुब्बारे को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, 4 मार्च को होली के दौरान पानी के गुब्बारे को लेकर तरुण और आरोपियों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद कहासुनी हुई और तरुण के परिवार की ओर से माफी भी मांगी गई थी। हालांकि, कुछ समय बाद विवाद दोबारा भड़क गया और तरुण पर हमला कर दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि हमलावरों ने तरुण पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड समेत अन्य हथियारों से हमला किया था। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी।
इलाज के दौरान हुई थी तरुण की मौत
दिल्ली का उत्तम नगर, जहाँ तरुण की हुई थी हत्या
गंभीर रूप से घायल तरुण को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में कई लोगों की भूमिका सामने आई थी। कुछ आरोपियों पर सीधे मारपीट में शामिल होने, जबकि कुछ पर भीड़ को उकसाने का आरोप है।
पुलिस ने इस मामले में मई में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अब करीब पांच महीने से फरार चल रहे सोहेल की गिरफ्तारी के बाद जांच को आगे बढ़ाने की तैयारी है। पुलिस उसके नेटवर्क, फरारी के दौरान ठिकानों और मामले में उसकी कथित भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।