बिहार के मोतिहारी में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरि टोला गांव के सरेह में एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिले। दोनों शव एक ही पेड़ की अलग-अलग डालियों से फंदे के सहारे लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने सबसे पहले दोनों शवों को देखा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक और युवती के शव गमछे और दुपट्टे से बने फंदे के सहारे पेड़ से लटके थे। शुरुआती तौर पर दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद उनकी पहचान हुई।
भोला और सफीना के रूप में हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान हरसिद्धि पकड़िया निवासी योगेंद्र बैठा के बेटे भोला बैठा के रूप में हुई है। वहीं, मृतका की पहचान सफीना खातून के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सफीना की शादी सनाल्लाह मियां से हुई थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों गुरुवार दोपहर से अपने-अपने घरों से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। अगले दिन दोनों के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। ग्रामीणों ने इसे कथित प्रेम-प्रसंग से जोड़ते हुए आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
दोनों शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच करेगी।

हत्या या आत्महत्या? दोनों एंगल से जांच
डीएसपी कुमारी प्रियंका ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारण के बारे में निश्चित रूप से कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि FSL टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या तथा आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर तहकीकात की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।