अमृतसर में जिम ट्रेनर ने टी-शर्ट निचोड़कर पिलाया पसीना, VIDEO वायरल होने पर मांगी माफी
पंजाब के अमृतसर में एक जिम ट्रेनर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में ट्रेनर अपने चेले की टी-शर्ट निचोड़कर उसमें आया पसीना उसे पीने के लिए कहता नजर आया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रेनर को जमकर ट्रोल किया। विवाद बढ़ने पर ट्रेनर ने वीडियो हटाने के साथ माफी भी मांगी है।
8 सेकेंड के VIDEO से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो 25 जुलाई को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। करीब 8 सेकेंड के वीडियो में जिम ट्रेनर अपने चेले से कहता सुनाई देता है कि अगर वह इसे पी लेगा तो वह और ताकतवर हो जाएगा।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई और ट्रेनर को सोशल मीडिया पर जमकर खरी-खोटी सुनाई।
ट्रेनर ने कहा- मैंने VIDEO अपलोड करने से मना किया था
अमृतसर के तरनतारन रोड स्थित द रॉक जिम से जुड़े ट्रेनर तेजबीर सिंह राणा उर्फ राणारॉक ने बाद में एक वीडियो जारी कर सफाई दी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने साथी राजन से पहले ही विवादित वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड नहीं करने के लिए कहा था। हालांकि, उनके मुताबिक इंस्टाग्राम का पासवर्ड और रील अपलोड करने की जिम्मेदारी राजन के पास थी।
राणारॉक ने कहा कि जिस दिन वीडियो पोस्ट हुई, उस दिन वह छुट्टी के कारण दूसरे कामों में व्यस्त थे। बाद में सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग से उन्हें इस मामले की जानकारी मिली।
राजन ने भी मानी अपनी गलती
माफी वाले वीडियो में राणारॉक ने अपने साथी राजन को भी सामने बुलाया। राजन ने माना कि ट्रेनर ने वीडियो अपलोड नहीं करने के लिए कहा था, लेकिन उसके पास इंस्टाग्राम का पासवर्ड होने के कारण उसने ही वीडियो पोस्ट कर दी।
राजन ने कहा कि उसे उस समय वीडियो सामान्य लगी थी, इसलिए उसने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
ट्रेनर बोले- मुझे भी VIDEO अच्छी नहीं लगी
राणारॉक ने कहा कि जब उन्होंने खुद विवादित वीडियो दोबारा देखी तो उन्हें भी वह अच्छी नहीं लगी। उन्होंने कहा कि इंसान से गलती हो सकती है और कोई भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं होता।
उन्होंने वीडियो से किसी की भावनाएं आहत होने पर माफी मांगी और कहा कि आगे से सोशल मीडिया पर कंटेंट अपलोड करने से पहले पूरी सावधानी बरती जाएगी।
ट्रोल करने वालों को भी कहा धन्यवाद
ट्रेनर ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताने और उन्हें ट्रोल करने वालों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जुड़े लोग उनके परिवार की तरह हैं और उन्हें लोगों की नाराजगी का एहसास हुआ।
उन्होंने माना कि वायरल वीडियो लोगों को पसंद नहीं आई और इसी वजह से उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
विवादित VIDEO हटाने का ऐलान
राणारॉक ने कहा कि वह अपने सोशल मीडिया पेज से विवादित वीडियो डिलीट कर देंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी बैर और विरोध को मन में न रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर आने वाला कंटेंट सोच-समझकर, बेहतर एडिटिंग और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपलोड किया जाएगा।
बोले- भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी
माफी मांगते हुए राणारॉक ने अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स से कहा कि परिवार में कभी-कभी गलती हो जाती है और इंसान माफी मांगकर आगे बढ़ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी वीडियो या कंटेंट साझा नहीं किया जाएगा, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
फिलहाल, इस पूरे मामले में विवादित वीडियो डिलीट किए जाने और ट्रेनर की सार्वजनिक माफी के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है।