उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़क, पुलिया, भवन, सिंचाई, मंदिर और सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इन योजनाओं के जरिए स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
पिथौरागढ़ में सड़क और पुलिया निर्माण
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझेड़ा के प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
देहरादून में सड़क और नाली निर्माण
देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा ग्राम पंचायत के बंशीवाला में विभिन्न मार्गों के निर्माण और सुधार के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें आंबेडकर पार्क से काली मंदिर और मुख्य मार्ग से बिजेंद्र चौहान के घर तक मार्ग, आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप मार्ग, सैनिक कॉलोनी के आंतरिक मार्ग तथा सुद्धोवाला के वार्ड 8 और 9 में सीमेंट कंक्रीट टाइल्स मार्ग और नाली निर्माण शामिल है।
केदारनाथ क्षेत्र में 12.26 करोड़
रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की तहसील बसुकेदार में अनावासीय और आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 12.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
अन्य जिलों को भी मिली राशि
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 31.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ के ग्राम पंचायत तौक भौरा में फील्ड सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 44.13 लाख और डीडीहाट के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र के अनुरक्षण, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।