बेअदबी कांड में फिर बढ़ीं सुखबीर बादल की मुश्किलें, SIT का समन
सुखबीर बादल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं चर्चित 2015 के बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को नोटिस जारी कर सोमवार को पूछताछ के लिए तलब किया है।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के हालिया बयान के बाद एसआईटी ने यह कदम उठाया है।

जांच टीम का नेतृत्व
आईपीएस अधिकारी हरजीत सिंह कर रहे हैं।इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला एसआईटी के समक्ष पेश हो चुके हैं। पूछताछ के बाद उन्होंने कहा था कि वह जांच में पूरा सहयोग देंगे, लेकिन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दस्तावेजों के आधार पर उनसे सवाल पूछे जा रहे हैं, उनकी प्रमाणित प्रतियां उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
सांपला के मुताबिक
उन्हें केवल तत्कालीन राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन की प्रति दिखाई गई, लेकिन उसकी प्रमाणित प्रति नहीं दी गई। उन्होंने एसआईटी से सभी संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की।
सांपला ने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले बहबल कलां और बेअदबी मामलों में न्याय दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन अब चुनाव नजदीक आने पर इस मुद्दे को फिर से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की पक्षधर रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
अक्टूबर 2015 में फरीदकोट जिले के बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं के बाद पंजाब में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे। इसी दौरान बहबल कलां में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
यह मामला लंबे समय से राजनीतिक और कानूनी विवाद का विषय बना हुआ है। मामले की जांच कर रही एसआईटी इसी कड़ी में पहले विधायक मंतार बराड़ से भी पूछताछ कर चुकी है।
जांच में अब तक क्या-क्या हुआ
क्राइम सीन री-क्रिएशन
जुलाई 2026 की शुरुआत में DIG हरजीत सिंह की अगुवाई वाली नई SIT ने फरीदकोट के बुर्ज जवाहर सिंह वाला, बरगाड़ी और बहबल कलां घटनास्थलों का दौरा कर पूरे घटनाक्रम का री-क्रिएशन किया। टीम ने सबूतों का मिलान किया और बाजाखाना थाने का भी दौरा किया, जहां मामले की केस डायरी और अन्य दस्तावेज सुरक्षित हैं।
अकाल तख्त के जत्थेदार का बयान
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने जून 2026 में SIT के सामने अपना बयान दर्ज कराया। यह बयान शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा दिसंबर 2024 में अकाल तख्त के समक्ष मांगी गई बिना शर्त माफी के संदर्भ में दर्ज किया गया।
नेताओं और अफसरों से पूछताछ
जून और जुलाई 2026 के दौरान SIT ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता विजय सांपला, पूर्व OSD गगनदीप सिंह बराड़ और तत्कालीन उपायुक्त मालविंदर सिंह जग्गी से समन जारी कर पूछताछ की। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के नेता मंतार सिंह बराड़ को भी SIT के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना पड़ा।
2015 के दर्ज मामलों पर टिकी है जांच
यह पूरी कवायद साल 2015 में थाना बाजाखाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों के तहत की जा रही है। ये मुकदमे 14 अक्टूबर 2015 और 21 अक्टूबर 2015 को दर्ज किए गए थे। बेअदबी की घटनाओं और इसके बाद बहबल कलां में हुए गोलीकांड ने पंजाब की राजनीति और सामाजिक ताने-बाने पर गहरा असर डाला था। अब एसआईटी इन प्रमुख लोगों से आमने-सामने पूछताछ कर मामले की गहराई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।