बाड़मेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को बाड़मेर के दौरे पर रहेंगे। पंचायतीराज चुनाव का कार्यक्रम जारी होने से पहले होने वाले इस दौरे को लेकर प्रशासन और बीजेपी संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे बाड़मेर पहुंचेंगे और बाछड़ाऊ में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम के दौरे के दौरान बाड़मेर के साथ जोधपुर संभाग के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं होने की संभावना है। इसके अलावा कई विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
बाछड़ाऊ में होगी जनसभा
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए बाछड़ाऊ में बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बैठने और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। बाछड़ाऊ को बाड़मेर, चौहटन और गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्रों के बीच महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। हालांकि यह क्षेत्र चौहटन विधानसभा में आता है। इसके आसपास लीलसर, मांगता, डूंगेरो का तला और चौहटन पंचायत समितियां भी हैं। मुख्यमंत्री जनसभा के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे। पार्टी की ओर से इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
1,100 करोड़ से ज्यादा के काम
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री करीब 901.43 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वहीं 261.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। यानी कुल मिलाकर करीब 1,163 करोड़ रुपये के विकास कार्य कार्यक्रम में शामिल हैं। इसके अलावा बाड़मेर समेत जोधपुर संभाग के लिए कुछ और घोषणाएं किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इन घोषणाओं की अंतिम जानकारी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान ही सामने आएगी।
12 हजार लोगों के जुटने का दावा
बीजेपी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई के मुताबिक, मुख्यमंत्री की सभा में करीब 12 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नगर परिषद समेत जिले के कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे और जनसुनवाई कार्यक्रम में लोगों की बातें सुनेंगे। सभा की तैयारियों में मंत्री केके बिश्नोई, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई समेत पार्टी के कई पदाधिकारी जुटे हुए हैं।
प्रशासन ने भी पूरी की तैयारी
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और दूसरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट, एडीएम रविंद्र कुमार और एएसपी नितेश आर्य समेत अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। बाछड़ाऊ में मुख्यमंत्री के आने के लिए हेलीपैड भी तैयार किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी इंतजाम किए हैं। पंचायतीराज चुनाव की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब चुनाव कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।