उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के लिए बड़ी घोषणा करते हुए काशी विश्वनाथ और मां शक्ति मंदिर को जोड़कर विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और उत्तरकाशी की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय का भेजा जाएगा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री धामी ने भटवाड़ी क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह यात्रा शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राष्ट्र प्रथम के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी व्यवस्था को लोगों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड से विशेष लगाव का किया जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री द्वारा कही गई बात का जिक्र करते हुए कहा कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न सरकारी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।
कांग्रेस के विरोध की आशंका, कई कार्यकर्ता हिरासत में
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में लिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।