पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत बुधवार को 15 बसों को धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किया गया। होशियारपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बसों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान दोनों नेताओं ने बसों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया और उनसे बातचीत भी की।
इस चरण में श्रद्धालुओं को हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर बालाजी-खाटू श्याम ले जाया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए एसी स्लीपर बस, ठहरने और भोजन की व्यवस्था निशुल्क की गई है।
कार्यक्रम का एक दृश्य
बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा की सुविधा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीर्थयात्रा योजना के तहत भगवंत मान सरकार अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करा चुकी है। योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र के एक परिवार के दो सदस्य यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को आने-जाने, ठहरने और भोजन के लिए कोई खर्च नहीं करना होगा।
केजरीवाल ने बताया कि बुधवार को 15 बसें हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर-खाटू श्याम के लिए रवाना हुईं। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालुओं को पहली बार इन धार्मिक स्थलों पर जाने का अवसर मिला है। अगले कुछ महीनों में पंजाब से करीब डेढ़ लाख लोगों को विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने का लक्ष्य है।
15 बसों में पांच जिलों के श्रद्धालु
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि होशियारपुर, पठानकोट, मुकेरियां और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा पर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि होशियारपुर से पांच जिलों; होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर के श्रद्धालुओं के लिए कुल 15 बसें चलाई गई हैं।
इनमें 10 बसें ऋषिकेश-हरिद्वार, दो बसें मथुरा-वृंदावन और तीन बसें खाटू श्याम-सालासर जाएंगी। मान ने कहा कि इससे पहले दरबार साहिब, राम तीर्थ, अमृतसर साहिब, वाघा बॉर्डर और फतेहगढ़ साहिब समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए भी तीर्थयात्रा बसें संचालित की जा रही हैं।
मेडिकल बीमा से लेकर स्मृति चिह्न तक की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों के लिए एसी स्लीपर बसों और वातानुकूलित कमरों की व्यवस्था की गई है। पूरी यात्रा के दौरान निशुल्क भोजन और देखभाल के साथ प्रत्येक तीर्थयात्री का मेडिकल बीमा भी कराया जाएगा। आपात स्थिति में सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
बस का जायजा लेते पंजाब सीएम भगवंत मान
प्रत्येक बस में एक अटेंडेंट और गंतव्य स्थलों पर विशेष टीम तैनात रहेगी। यात्रा पूरी होने पर श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ पीतल का गिलास स्मृति चिह्न के रूप में दिया जाएगा। सरकार के अनुसार, किसी भी क्षेत्र, जाति या धर्म के लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
10 लाख श्रद्धालुओं को यात्रा कराने का लक्ष्य
भगवंत मान ने बताया कि योजना के पहले चरण में अब तक 4 लाख श्रद्धालु अमृतसर साहिब और आनंदपुर साहिब-नैना देवी के दर्शन कर चुके हैं। इस योजना पर अब तक 148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि कुल 10 लाख तीर्थयात्रियों को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने का लक्ष्य रखा गया है। आनंदपुर साहिब में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट सिटी भी स्थापित की गई है।