भोपाल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों के लिए अक्टूबर में सफर की योजना बनाने से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचना जरूरी होगा। रेलवे के अलग-अलग इंफ्रास्ट्रक्चर और रीमॉडलिंग कार्यों के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। बीना-आगासौद यार्ड रीमॉडलिंग, बीना स्टेशन पर प्री-एनआई और एनआई कार्य, कसारा में तीसरी रेल लाइन तथा कोटा जंक्शन के पुनर्विकास कार्य के चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
22 ट्रेनें पूरी तरह रहेंगी कैंसिल
रेलवे के अनुसार अक्टूबर में 22 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी। इनमें ललितपुर-बीना और बीना-कटनी मुड़वारा मेमू, श्रीधाम एक्सप्रेस, बीना-रूठियाई मेमू, भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस, ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस और कई स्पेशल ट्रेनें भी निर्धारित तारीखों पर निरस्त रहेंगी।
2 ट्रेनों का सफर बीच में ही खत्म होगा
इटारसी-भोपाल और भोपाल-इटारसी एक्सप्रेस को भी आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। 9 से 15 अक्टूबर तक इटारसी-भोपाल एक्सप्रेस दमोह तक चलेगी और वहीं शॉर्ट टर्मिनेट होगी। इसी तरह भोपाल-इटारसी एक्सप्रेस दमोह से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। यानी इन तारीखों में दमोह और भोपाल के बीच दोनों ट्रेनों का संचालन नहीं होगा।
23 ट्रेनों के बदले गए रूट
कसारा में तीसरी रेल लाइन के काम का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने 23 ट्रेनों को अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों से चलाने का निर्णय लिया है। इनमें पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, पंजाब मेल, राजधानी एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर से जुड़ी सेवाएं और कई अन्य लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को कल्याण-करजत-पुणे-मनमाड, कुछ को जलगांव-नंदुरबार-बसई रोड-ठाणे/पनवेल और कुछ को मनमाड-पुणे-लोनावला-कल्याण मार्ग से चलाया जाएगा।
कोटा जंक्शन पर भी बदलेगा संचालन
कोटा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर 18 अक्टूबर तक पुनर्विकास कार्य चलेगा। इसके कारण बीना-कोटा-बीना पैसेंजर ट्रेन सोगरिया स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से वापस रवाना होगी। वहीं भोपाल-जोधपुर-भोपाल और जबलपुर-अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस कोटा जंक्शन को बायपास कर गुरला-सोगरिया मार्ग से चलाया जाएगा।
हमसफर एक्सप्रेस को लेकर राहत
रानी कमलापति-संतरागाछी और संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पहले अक्टूबर में इनके फेरे निरस्त बताए गए थे, लेकिन 28 सितंबर के संशोधित आदेश के बाद अक्टूबर वाली कैंसिलेशन लागू नहीं होगी। अक्टूबर में दोनों ट्रेनों का संचालन सामान्य रहेगा। अब 22169 का 9 दिसंबर और 22170 का 10 दिसंबर 2026 का फेरा निरस्त रहेगा।
यात्रा से पहले स्टेटस जरूर जांचें
ट्रेनों के कैंसिल होने और रूट बदलने का सीधा असर यात्रियों की यात्रा योजना पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस, समय और रूट जरूर जांच लें। इसके लिए रेल मदद 139, NTES, Rail One ऐप या अधिकृत रेलवे सूचना माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे कैंसिलेशन, रूट डायवर्जन या आंशिक संचालन के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा।