सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नागौद में बारिश का पानी थाने के अंदर तक पहुंच गया। सिंहपुर चौराहे के पास बागरी पेट्रोल पंप भी जलभराव की चपेट में आ गया। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाले रास्ते पर कमर तक पानी भरने से आवाजाही बंद हो गई है।
चित्रकूट में सड़कों पर चली नाव
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी सड़कों तक पहुंच गया है। सती अनसुईया क्षेत्र में पानी रेलिंग तक पहुंच गया। कई सड़कें जलमग्न होने के कारण हालात ऐसे बने कि लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ा। प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
मकान गिरने से दो भैंसों की मौत
सतना के कोठी क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच एक मकान गिर गया। मलबे में चार भैंस दब गईं, जिनमें दो की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव और नुकसान की स्थिति बनी हुई है।
बानसुजारा डैम के 8 गेट खुले
छतरपुर-टीकमगढ़ जिले की सीमा पर बने बानसुजारा बांध के आठ गेट खोल दिए गए हैं। पहले दो गेट खुले थे, लेकिन धसान नदी में पानी की आवक बढ़ने के बाद शुक्रवार रात छह और गेट खोलने का फैसला लिया गया। सभी आठ गेट 0.75-0.75 मीटर तक खोले गए हैं।
धसान नदी में 792 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा
जल संसाधन विभाग के अनुसार बांध से करीब 792 घन मीटर प्रति सेकंड पानी धसान नदी में छोड़ा जाएगा। इससे बांध के नीचे नदी का जलस्तर करीब 7 से 9 फीट तक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट करते हुए नदी, पुल और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भोपाल में रिमझिम बारिश हो सकती है, जबकि इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश के आसार कम हैं।
MP में सामान्य से 2.6 इंच कम बारिश
मध्य प्रदेश में अब तक 683.9 मिलीमीटर यानी करीब 26.9 इंच बारिश हुई है। सामान्य बारिश 750.9 मिलीमीटर यानी 29.5 इंच होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 2.6 इंच कम बारिश हुई है। हालांकि, पूर्वी हिस्से में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने से आंकड़े में सुधार की संभावना है।