सीतापुर की हरगांव विधानसभा में गुरुवार को लाखन आर्मी ने महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण एवं मुक्ति की मांग को लेकर पदयात्रा और रैली निकाली। लाखन आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मांग पूरी होने तक आंदोलन
रैली के बाद आयोजित जनसभा में सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर की मुक्ति तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान को प्रदेश की सभी विधानसभाओं तक पहुंचाया जाएगा।
नई पीढ़ी तक पहुंचेगा इतिहास
सूरज पासी ने कहा कि किसी भी समाज की ताकत उसके इतिहास और महापुरुषों की स्मृति में होती है। उन्होंने कहा कि पासी समाज की नई पीढ़ी को अपने योद्धाओं के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है। महाराजा कंसा पासी, महाराजा सूरज पासी और महाराजा सुहेलदेव पासी की वीरगाथा को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात भी कही गई।
कंसा पासी के संघर्ष का किया जिक्र
सूरज पासी ने दावा किया कि जब सैयद सालार मसूद गाजी ने अवध क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने का प्रयास किया, तब मलिहाबाद और कसमंडी क्षेत्र में महाराजा कंसा पासी ने उसका प्रतिरोध किया। उन्होंने कसमंडी के मैदान में हुए संघर्ष और महाराजा कंसा पासी के बलिदान का भी जिक्र किया।
पुरातात्विक सर्वे की मांग
सूरज पासी ने सरकार से महाराजा कंसा पासी के किले का पुरातात्विक सर्वेक्षण कराने, ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और शिव मंदिर की मुक्ति के लिए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि पासी समाज के इतिहास और विरासत से जुड़ा है।
गांव-गांव चलेगा अभियान
लाखन आर्मी की ओर से गांव-गांव जाकर समाज को इतिहास के प्रति जागरूक करने और युवाओं को महापुरुषों से जोड़ने की बात कही गई। सूरज पासी ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक लाखन आर्मी का अभियान लगातार जारी रहेगा।