हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी सरकार ने प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए लगातार लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक वह मुख्यमंत्री हैं, जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। किशाऊ बांध परियोजना को लेकर भी उन्होंने श्रेय कांग्रेस सरकार को दिए जाने की बात कही।
वीरवार को अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन के रैल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल को होने वाले आर्थिक लाभ का भी जिक्र किया।
बिना अतिरिक्त निवेश के हिमाचल को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल प्रदेश को बिना अतिरिक्त निवेश के करीब 1,500 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, उत्तराखंड को इतनी ही आय अर्जित करने के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान परियोजना की लागत करीब 800 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। सुक्खू के अनुसार, प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद परियोजना को लेकर तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। इन बैठकों के जरिए हिमाचल प्रदेश के हितों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
Wildflower Hall मामले और JSW का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जीत हासिल की, जिससे राज्य के खजाने में 401 करोड़ रुपये आए हैं।
इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि जेएसडब्ल्यू कंपनी से राज्य को 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में चिकित्सा महाविद्यालयों में कर्मचारियों की कमी थी, जबकि मौजूदा सरकार ने स्टाफ में करीब 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है।
अनुराग ठाकुर से मांगा 20 साल का हिसाब
किशाऊ बांध परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर को परियोजना से जुड़े तथ्यों और अपने ज्ञान में वृद्धि करनी चाहिए।
सुक्खू ने कहा कि अनुराग ठाकुर करीब 20 वर्षों से हमीरपुर के सांसद हैं और उन्हें बताना चाहिए कि इस अवधि में उन्होंने क्षेत्र की जनता के लिए क्या किया। मुख्यमंत्री ने भाजपा की राजनीति पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना का निर्माण केंद्र और उत्तराखंड सरकार की ओर से किया जाएगा। उनके अनुसार, परियोजना से हिमाचल प्रदेश को पांच साल बाद करीब 1,200 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है, जिसे राज्य के विकास पर खर्च किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेता इस परियोजना के लिए राज्य सरकार को श्रेय या धन्यवाद नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की आवाज परवाणू से आगे केंद्र सरकार के मुद्दों पर उठने से रुक जाती है।