हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दौरान पंजाब और हरियाणा मूल के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विदेशों में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमिता के जरिए भारतीय समुदाय विदेशों में देश का गौरव बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर जैसे आधुनिक और प्रमुख वैश्विक कारोबारी केंद्र में भारतीयों की उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीय उद्योगपतियों से अपने वैश्विक अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल भारत के विकास में भागीदारी के लिए करने की अपील की।
PM मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों पर भारत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं और अब देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों से निवेश, बुनियादी ढांचे, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि इससे श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा पूरी हुई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों के हित में भी महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं।
हरियाणा में निवेश के लिए अनुकूल माहौल का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। राज्य की भौगोलिक स्थिति, सड़क और रेल की बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन, मजबूत औद्योगिक अधोसंरचना और निवेश अनुकूल नीतियां इसे कारोबार के लिए आकर्षक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उद्योगों को कारोबार के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना और निवेशकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगापुर में मौजूद प्रवासी उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश के अवसर तलाशने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का न्योता दिया।
उद्योगपतियों को संत कबीर कुटीर आने का न्योता
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब और हरियाणा मूल के सभी उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों को हरियाणा आने के लिए गर्मजोशी से आमंत्रित किया। उन्होंने उन्हें चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर आने का भी न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ लगातार संवाद और सहयोग बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विदेशों में रह रहे भारतीय उद्यमियों के अनुभव और निवेश को प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से हरियाणा में उपलब्ध निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने और रोजगार तथा औद्योगिक विकास को गति देने में सहयोग करने की अपील की।