ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में निवेश, उद्योग और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य में हुए बदलावों का जिक्र किया।
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के कर-कमलों से आज ग्रेटर नोएडा में UP International Trade Show 4.0 का शुभारंभ हुआ।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 25, 2026
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में Local to Global की सोच के साथ आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश आज अपने Product,… pic.twitter.com/sjEJs3WlmJ
निवेश के माहौल पर बोले शाह
आज 80 देशों में भारत के रक्षा के उत्पादों का निर्यात हो रहा है और इसमें उत्तर प्रदेश का बहुत बड़ा योगदान है। यहां पर डिफेंस कॉरिडोर बनाने तक नहीं, योगी सरकार ने इसको फैसिलिटेट करने के लिए, इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने के लिए अनुकूल नीतियां व नीतियां बनाने के लिए ढेर सारा काम किया… pic.twitter.com/M5khNveZLy
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 25, 2026
अमित शाह ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में निवेश कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी चुनौतियां थीं। उनके मुताबिक, 2017 के बाद कानून-व्यवस्था में बदलाव और उद्योगों के लिए नीतिगत माहौल तैयार होने से निवेशकों का रुख उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।
रक्षा उत्पादन का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब रक्षा उत्पादों के निर्माण को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर के छह नोड—झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर—का जिक्र करते हुए कहा कि यहां रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए निवेश आ रहा है। उन्होंने देश के रक्षा उत्पादन के आंकड़ों का भी उल्लेख किया और कहा कि उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में अपनी भूमिका बढ़ा रहा है।
एक्सप्रेसवे और ODOP का जिक्र
शाह ने उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क और विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट यानी ODOP को प्रदेश के पारंपरिक हुनर और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
ट्रेड शो में कारोबार बढ़ने की उम्मीद
अमित शाह ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश और दुनिया से कारोबारी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चौथा संस्करण पिछले संस्करणों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकता है और इससे निवेश, उत्पादन तथा बिक्री में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि 2025 के संस्करण में पांच लाख से अधिक लोग पहुंचे थे और 2,400 से अधिक समझौते हुए थे। इस बार भी बड़ी संख्या में कारोबारी और निवेशक शामिल हो रहे हैं।
मेक इन इंडिया से जोड़ा आयोजन
अमित शाह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को ‘मेक इन इंडिया’ अभियान से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से भारत में उत्पादन, डिजाइन और इनोवेशन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास जमीन, बड़ी आबादी और मेहनतकश कारीगरों के साथ अब उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण भी तैयार हुआ है।
एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर जोर
अमित शाह ने कहा कि निवेशकों और कारोबारियों की भागीदारी उत्तर प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ट्रेड शो जैसे आयोजन इस प्रक्रिया में निवेश और व्यापार को गति देने का माध्यम बन रहे हैं।