हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को रामपुर बुशहर में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक समानता, पर्यटन, नशे की समस्या और स्कूलों से जुड़ी चुनौतियों पर बच्चों ने बेबाकी से सवाल किए। एक छात्रा की मांग पर मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
छात्रा की मांग पर दो करोड़ रुपये की घोषणा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचोली की एक छात्रा ने स्कूल भवन निर्माण का मुद्दा उठाया।
छात्रा ने बताया कि विद्यालय फिलहाल दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहा है। उसने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए एक स्थान पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। छात्रा की मांग पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत पड़ती है तो सरकार वह धनराशि भी उपलब्ध करवाएगी।
अमीर-गरीब की खाई और शिक्षकों की कमी पर सवाल
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ती अमीर-गरीब की खाई का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में समानता बेहद जरूरी है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
एक छात्रा ने सुक्खू से पूछा कि उन्होंने राजनीति को देशसेवा का माध्यम क्यों चुना। मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि व्यक्ति को अपनी रुचि के क्षेत्र में काम करना चाहिए और उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने और स्कूलों में शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी कम करने की मांग भी रखी। एक छात्रा ने स्कूल में हिंदी के केवल एक शिक्षक होने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी हुई चर्चा
अयोध्या की एक्सपोजर विजिट का अनुभव साझा करते हुए एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के बारे में पूछा। सुक्खू ने कहा कि सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेना जरूरी है। पसंदीदा भोजन के सवाल पर उन्होंने हिमाचली व्यंजन सिड्डू का जिक्र किया।
एंटी चिट्टा रैली में बच्चों के साथ शामिल हुए CM
संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी रैली में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ संदेशों के साथ चौधरी अड्डा और मुख्य बाजार से होते हुए रैली निकाली। रैली स्कूल मैदान में संपन्न हुई।
समापन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाधिवक्ता अनूप रत्न, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।