केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। वे जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ROLBOL Youth Conclave 2026 में शामिल होंगे। यह ROLBOL का तीसरा यूथ कॉन्क्लेव है। कार्यक्रम में वे युवाओं से संवाद करेंगे।
युवाओं की भूमिका को बताया अहम
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं के साथ अलग-अलग मंचों पर संवाद जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी की ओर से ‘यूथ बोले’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसके जरिए युवाओं की बात सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कई राज्यों में विस्तार की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास अलग-अलग राज्यों में संगठन के विस्तार पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। छत्तीसगढ़ में भी राज्य इकाई के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठक होगी और आगे की दिशा तय की जाएगी।
चुनाव आयोग को जनता का भरोसा जीतना होगा
चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि अगर किसी मतदाता को आयोग पर संदेह है, तो चुनाव आयोग को उनका विश्वास जीतना होगा। उन्होंने SIR के तहत नाम हटाए जाने को लेकर कहा कि जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, वे आम मतदाता नहीं थे। उनका दावा है कि अगर बड़ी संख्या में आम मतदाताओं के नाम हटते तो व्यापक आंदोलन देखने को मिलता।
कांग्रेस की चुनाव रद्द करने की मांग पर पलटवार
कांग्रेस की ओर से चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर चिराग पासवान ने सवाल उठाया कि क्या हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस दोबारा चुनाव कराएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन उसकी आवाज कुछ समय बाद कमजोर पड़ जाती है। चिराग ने कहा कि SIR का मुद्दा सामने आने के बाद कांग्रेस ने EVM का मुद्दा पीछे छोड़ दिया।
BJP के साथ गठबंधन पर फैसला समय पर
छत्तीसगढ़ में LJP रामविलास के BJP को समर्थन देने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि इसका फैसला समय और परिस्थितियों को देखते हुए राज्य इकाई करेगी। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में पार्टी स्वतंत्र रूप से काम कर रही है और छत्तीसगढ़ में भी संगठन को मजबूत करने पर फोकस है।