चंपावत। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। टनकपुर में SDRF की टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि शारदा बैराज, शारदा घाट और नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।
शारदा घाट और निचले इलाकों में गश्त
बुधवार को SDRF की टीम ने शारदा घाट और आसपास के निचले इलाकों का निरीक्षण किया। टीम ने स्थानीय लोगों, यात्रियों और मछुआरों को जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर सतर्क किया।लोगों से अपील की गई है कि वे नदी और घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। SDRF के जवान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे तैयार हैं।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
बच्चों और पशुओं को नदी से दूर रखने की अपील
प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। खासतौर पर बच्चों और पशुओं को नदी के किनारे न जाने देने की सलाह दी गई है।प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।