बिहार के बाढ़ अनुमंडल में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों और परिजनों का दावा है कि चारों ने रविवार सुबह एक साथ शराब पी थी। इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। गंभीर हालत में चारों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल, प्लास्टिक के गिलास और कुछ खाने-पीने का सामान बरामद किया है। घटना शही थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव की बताई जा रही है।
शराब पीने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच चारों युवक एक जगह बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ ही समय बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। बताया गया कि चारों के मुंह से झाग निकलने लगा। स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीण और परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। मृतकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है।
स्थानीय अस्पताल से पटना किया गया रेफर
परिजनों के अनुसार, चारों को पहले बाढ़ के एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया। इसके बाद उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया। पटना पहुंचने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया। अनुमंडलीय अस्पताल की डॉक्टर डॉ. श्रेया शेखर के मुताबिक, पहले तीन युवकों को अस्पताल लाया गया था। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। बाद में एक और युवक को अस्पताल लाया गया। सभी की हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें पटना रेफर किया गया।
मौके से शराब की बोतल और ग्लास मिले
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल, प्लास्टिक के ग्लास में बना पैग और कुछ स्नैक्स मिले हैं। मौके से फ्रूटी का खाली डिब्बा भी मिलने की बात सामने आई है। इन सामानों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। हालांकि, चारों की मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल से मिले सामानों की जांच की जा रही है। चारों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट होने के बाद ही मौतों की वजह सामने आएगी कि युवकों ने क्या सेवन किया था और उसकी वजह से उनकी तबीयत क्यों बिगड़ी।