भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से हराया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और गेंदबाजों ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के फैसले को सही साबित कर दिया।
57 रन पर सिमटी जापान की टीम
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। श्री चरणी के अलावा शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को 1-1 सफलता मिली। जापान की दो बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटीं।
शेफाली ने 5 ओवर में दिलाई जीत
58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की। शेफाली वर्मा ने नाबाद 40 रन की पारी खेली और टीम को आसानी से जीत तक पहुंचाया। भारत ने सिर्फ 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 58 रन बना लिए। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
डिफेंडिंग चैंपियन है भारत
भारतीय विमेंस टीम एशियन गेम्स में अपने खिताब का बचाव कर रही है। 2023 में हुए एशियन गेम्स में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था। अब टीम की नजर एक बार फिर गोल्ड मेडल पर है। इसके अलावा भारतीय टीम हाल ही में विमेंस एशिया कप का खिताब भी जीत चुकी है। भारत ने टूर्नामेंट में 8वीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, जी कमलिनी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़। जापान: हरूना इवासाकी, अकारी निशिमोरा कानो (विकेटकीपर), माई यानागीडा (कप्तान), एरिका ओडा, अहिल्या चंदेल, शिमाको कातो, अकाया कातो-स्टेफोर्ड, अयूमी फूजीकावा, हिनासे गोतो, एरिका तोगुची क्विन, नोनोहा यासुमोटो।