saamoohik kanya vivaah: छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन इस वर्ष पुनः निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह आयोजित करने जा रहा है। 3 मई को रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर के वीआईपी हाल में आयोजित समारोह में सीएम विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बतौर मुख्य आतिथ्य मौजूद रहेंगे।

saamoohik kanya vivaah: गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष की सफलता के बाद इस वर्ष भी 51 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा।इस अवसर पर सियाराम अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, राजेश अग्रवाल मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, संपत अग्रवाल विधायक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
saamoohik kanya vivaah: सामाजिक समरसता का प्रतीक होगा आयोजन
कार्यक्रम के संयोजक शोभा केडिया, गुंजा सुल्तानिया, रमेश अग्रवाल एवं जयप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, एकता एवं सेवा भाव का प्रतीक है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह कराना एवं उन्हें सहयोग प्रदान करना है.
सख्त चयन एवं पारदर्शिता
प्रचार-प्रसार प्रभारी ज्योति अग्रवाल एवं डॉ. नेहा अग्रवाल ने बताया कि सभी जोड़ों का विधिवत सत्यापन किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को ही लाभ मिल सके।
व्यवस्था प्रभारी संजीव अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन में बेटियों को गृहस्थी के जरूरतों के हिसाब से लगभग 50000 रुपए की सामग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिसमें स्टील की बड़ी वाली अलमारी, बड़ी सूटकेस, मिक्सर ग्राइंडर, पंखा, इलेक्ट्रिक आयरन, विवाह के सारे प्रकार के कपड़े, घड़ी, जेवर के अलावा गृहस्थी के रोजमर्रा के सामान शामिल होंगे।
विभिन्न समितियों का गठन किया
कार्यक्रम में विवाह से संबंधित समस्त आवश्यक सामग्री एवं व्यवस्थाएं संस्था द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाएंगी, जिससे कन्याओं के परिवारों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न पड़े। आयोजन की सफलता के लिए 100 से अधिक सदस्यों की टीम रात और दिन लगातार मेहनत कर रही है. इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
