पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में 4 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें पहले बच्ची पर 2 कुत्तों ने हमला किया। फिर 5 और कुत्ते वहां आ गए। गनीमत रही कि पड़ोसियों ने उसकी चीखें सुन लीं और वे तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
हमले का CCTV आया सामने
घटना चिखली इलाके में रविवार दोपहर की है। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के अनुसार, बच्ची पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। पेड़ के पास पहुंचते ही 7 कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्तों के झुंड ने करीब 43 सेकेंड तक बच्ची को काटा। उसके हाथों और जांघों पर चोटें आई। बच्ची की चीख सुनकर लोग उसे बचाने के लिए पहुंचे और कुत्तों को वहां से भगाया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से अधिक टांके लगे हुए हैं।
7 घंटे में 130 लोगों पर हमला
घायल बच्ची के पिता ने कहा कि उनके इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर हो गई है। उन्होंने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। महाराष्ट्र के कल्याण में आवारा कुत्ते ने करीब 7 घंटे में 130 लोगों को काटा। कुत्ते ने सड़क पर चल रहे लोगों, बाइक सवारों और ऑटो में बैठे यात्रियों पर हमला किया। कुत्ते के हमले में 25 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 साल की बच्ची को मुंबई के सायन अस्पताल भेजा गया।