तमिलनाडु के कोयंबटूर में आवारा कुत्तों ने एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ की कोशिश को नाकाम कर दिया। देर रात सड़क किनारे बैठी महिला के पास पहुंचे एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद दो कुत्ते उसके बचाव में आ गए।
उन्होंने युवक को भौंकते हुए खदेड़ दिया, जिसके बाद उसे मौके से भागना पड़ा। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मानसिक रूप से कमजोर थी महिला
घटना गुरुवार देर रात कोयंबटूर जिले के थुडियालुर इलाके में रेलवे ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सड़क किनारे बैठी महिला के साथ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद दो आवारा कुत्तों ने लगातार आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर थी और ये दोनों आवारा कुत्ते अक्सर उसके आसपास रहते थे। घटना के समय भी दोनों कुत्ते महिला के पास मौजूद थे। आरोपी युवक के वहां पहुंचने के बाद उन्होंने उसकी गतिविधियों पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया।
नशे में था आरोपी, कुत्तों को भगाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था। वह पहले महिला के पास पहुंचा और उससे पूछा कि आसपास मौजूद कुत्ते उसके हैं या नहीं। इसके बाद उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
CCTV फुटेज में कथित तौर पर दिखाई देता है कि युवक ने पहले कुत्तों को महिला से दूर भगाने का प्रयास किया। उसने एक पत्थर उठाकर उन्हें डराया, जिसके बाद कुत्ते कुछ दूरी पर चले गए। इसके बाद युवक ने महिला के साथ बदसलूकी की कोशिश की।
हालांकि, कुत्ते ज्यादा देर तक दूर नहीं रहे। वे दोबारा महिला के पास लौट आए और आरोपी पर भौंकने लगे। महिला की चीख सुनकर कुत्ते आरोपी की ओर झपट पड़े। इसके बाद युवक वहां से भागने पर मजबूर हो गया।
दुकान में आग की जांच के दौरान सामने आया वीडियो
इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस इलाके में एक छोटी दुकान में लगी आग की घटना की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसी दौरान अधिकारियों की नजर महिला के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटना पर पड़ी। फुटेज देखने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान करने में जुट गई।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।