झारखंड में PSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का विरोध कर रहे छात्रों को सरकार ने बातचीत का प्रस्ताव दिया। छात्र इसके लिए तैयार हो गए लेकिन उन्होंने शर्त भी रख दी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बात करें और इस दौरान कम से कम 2 मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहें।
चार मंत्रियों की बनाई कमेटी
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि सरकार का प्रस्ताव लेकर आए SDO ने छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम मांगे हैं। इसके बाद बैठक की तारीख और समय तय किया जाएगा। इसके लिए CM हेमंत सोरेन ने बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई है। छात्रों का यह भी आरोप है कि सरकार सिर्फ 5 सदस्यीय टीम बुलाकर आंदोलन को कमजोर करना चाह रही है। देवेंद्र नाथ महतो समेत 6 छात्र अनशन पर हैं। वे मामले में CBI-ED जांच की मांग कर रहे हैं।
19 लोग गिरफ्तार
वहीं बुधवार रात CID ने रांची और लखनऊ में छापेमारी कर परीक्षा संचालन करने वाली आउटसोर्स एजेंसी TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह समेत पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 19 लोगों की पकड़े जा चुके हैं।
क्या है मामला?
2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इसमें 2,204 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए। इसके बाद 18 से 20 जुलाई के बीच मेंस परीक्षा होनी थी। रिजल्ट आने के बाद कई उम्मीदवारों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए गए। उनका कहना था कि कट-ऑफ जारी नहीं की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार की कथित OMR शीट वायरल हो गई।