नई दिल्ली। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर शुक्रवार को देशभर में बापू को याद किया गया। नई दिल्ली स्थित राजघाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राजघाट पहुंचकर बापू को नमन किया।गांधी जयंती के साथ आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती भी है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था।
30 दिन चलेगा राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक 30 दिन के राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान का आह्वान किया है। उन्होंने नागरिकों के साथ सरकारी और निजी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, NGOs और अन्य संगठनों से अभियान में भाग लेने की अपील की।
साबरमती से दिल्ली तक दिखी गांधी जयंती की तैयारी
गांधी जयंती को लेकर अहमदाबाद के साबरमती गांधी आश्रम समेत देश के कई हिस्सों में तैयारियां की गईं। दिल्ली, कोलकाता, पटियाला, अमृतसर और गुवाहाटी में गांधी प्रतिमाओं और स्मारकों की सफाई की गई। अहमदाबाद में गांधी आश्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया जा रहा है।अमृतसर में गांधी जयंती के लिए खास पतंग तैयार की गई, जबकि हैदराबाद में गांधी प्रतिमाओं के साथ चरखे भी सजाए गए। देशभर में स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में गांधी के विचारों और स्वच्छता के संदेश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।