झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली मोनिका कच्छप के परिवार ने उनकी सुरक्षित भारत वापसी के लिए सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई है। परिवार का आरोप है कि मोनिका को नर्सिंग की नौकरी दिलाने का झांसा देकर UAE ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया गया और उन्हें अलग-अलग घरों में घरेलू काम करने के लिए भेजा गया। मामले में रांची के एयरपोर्ट थाने में FIR दर्ज की गई है।
नर्सिंग नौकरी का दिया गया था भरोसा
मोनिका कच्छप रांची के छोटा घाघरा इलाके की रहने वाली हैं। परिवार के मुताबिक, बेहतर रोजगार की तलाश में उनका संपर्क ऑनलाइन माध्यम से AMD Trend Solution LLC से जुड़े लोगों से हुआ था। आरोप है कि उन्हें UAE में नर्सिंग की नौकरी, रहने और खाने की सुविधा देने का भरोसा दिया गया।
परिवार के अनुसार, नौकरी की प्रक्रिया के लिए मोनिका ने अप्रैल में एजेंट को पैसे भी भेजे थे। इसके बाद मई 2026 में वह दिल्ली से UAE के लिए रवाना हुईं।
शारजाह पहुंचते ही पासपोर्ट लेने का आरोप
मोनिका के मुताबिक, 6 मई को UAE पहुंचने के बाद एजेंसी की ओर से आए ड्राइवर ने उनका पासपोर्ट अपने पास रख लिया। इसके अगले दिन उन्हें अजमान स्थित एक कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे अरबी और अंग्रेजी में लिखे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए।
मोनिका का आरोप है कि बाद में उन्हें पता चला कि इन दस्तावेजों में उन पर बड़ी रकम का कर्ज दिखाया गया था। भुगतान नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
नर्स की जगह घरों में काम कराने का आरोप
परिवार और मोनिका के मुताबिक, UAE पहुंचने के बाद उन्हें नर्सिंग का काम नहीं मिला। इसके बजाय उन्हें अलग-अलग घरों में घरेलू काम और देखभाल के लिए भेजा गया। भाषा समझने में परेशानी होने के कारण कुछ जगहों से उन्हें वापस एजेंसी के पास लाए जाने की बात भी सामने आई है।
मोनिका ने वापस भारत लौटने की इच्छा जताई, लेकिन परिवार का आरोप है कि उनसे पहले कथित रकम चुकाने की मांग की गई।
पिता ने दर्ज कराई FIR
मोनिका के पिता रतना कच्छप की शिकायत पर 29 सितंबर 2026 को रांची के एयरपोर्ट थाने में FIR दर्ज की गई। शिकायत में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, पासपोर्ट अपने कब्जे में रखने, जबरन काम कराने और मानव तस्करी जैसे आरोप लगाए गए हैं। मामले में एजेंसी से जुड़े प्रियंका, रितेश और मोहम्मद मेराज अंसारी समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विदेश मंत्रालय से सुरक्षित वापसी की मांग
परिवार अब झारखंड सरकार और विदेश मंत्रालय से मोनिका को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील कर रहा है। एयरपोर्ट पुलिस के अनुसार, मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई है और उनकी वापसी के लिए समन्वय की कोशिश की जा रही है। मोनिका ने भी भारत लौटने की इच्छा जताई है।