‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज होने के बाद अब फिल्म में इस्तेमाल किए गए एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महाराणा प्रताप की वीरता पर बनाए गए ‘शूरवीर’ गाने को फिल्म के एक हिंसक सीन में इस्तेमाल किए जाने पर स्वतंत्र कलाकार और रैपरिया बालम की टीम ने मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। टीम का दावा है कि गाने का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया और इसके इस्तेमाल का तरीका भी आपत्तिजनक है।
रैपरिया बालम के प्रवक्ता रघुवीर सिंह उर्फ जागीरदार आरवी के मुताबिक, लीगल नोटिस भेजे हुए 2-3 दिन हो चुके हैं। उनका कहना है कि ‘शूरवीर’ गाने के कॉपीराइट रैपरिया बालम के पास हैं, ऐसे में मेकर्स ने बिना अनुमति इसका इस्तेमाल कैसे किया।
‘मिर्जापुर देशभक्ति फिल्म नहीं है’
रघुवीर सिंह ने कहा कि ‘शूरवीर’ गाना महाराणा प्रताप जैसे शूरवीरों की वीरता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से बनाया गया था। उनका कहना है कि अगर यह गाना किसी देशभक्ति फिल्म में इस्तेमाल किया जाता तो टीम को आपत्ति नहीं होती, लेकिन ‘मिर्जापुर’ की कहानी और गाने के इस्तेमाल का संदर्भ अलग है। उनके मुताबिक, फिल्म में गाना ऐसे किरदार पर फिल्माया गया है जो हिंसक है और नशे करता है। ऐसे में महाराणा प्रताप की वीरता पर बने गाने को उस किरदार के साथ दिखाने से गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गाना महाराणा प्रताप पर आधारित है, तो इसे किस किरदार पर इस्तेमाल किया जा रहा है, इस बात का ध्यान मेकर्स को रखना चाहिए था।
लीगल नोटिस में रखी गईं तीन मांगें
रैपरिया बालम की टीम की ओर से भेजे गए लीगल नोटिस में मेकर्स से तीन प्रमुख मांगें किए जाने की बात सामने आई है।
पहली मांग: फिल्म से ‘शूरवीर’ गाने को हटाया जाए।
दूसरी मांग: महाराणा प्रताप पर बने गाने को हिंसक सीन में इस्तेमाल करने को लेकर मेकर्स सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
तीसरी मांग: महाराणा प्रताप के नाम पर किसी गांव में एक स्कूल बनवाया जाए।
2020 में बनाया गया था ‘शूरवीर’ गाना
रघुवीर सिंह के अनुसार, ‘शूरवीर’ गाना साल 2020 में महाराणा प्रताप को केंद्र में रखकर बनाया गया था। उस समय रैपरिया बालम और ट्रूपर रिकॉर्ड्स साथ काम कर रहे थे। गाना ट्रूपर रिकॉर्ड्स के चैनल पर रिलीज किया गया था। रैपरिया बालम की टीम का दावा है कि बाद में गाने के डॉक्यूमेंटेशन और अधिकारों को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद हुए। इसके बाद रैपरिया बालम ने गाने का कॉपीराइट अपने नाम लिया और ‘शूरवीर’ समेत शूरवीरों पर आधारित नौ गानों की सीरीज तैयार की।
ट्रूपर रिकॉर्ड्स पर भी लगाए गंभीर आरोप
रैपरिया बालम की टीम का आरोप है कि ट्रूपर रिकॉर्ड्स के पास इस गाने को फिल्म में लाइसेंस देने का अधिकार नहीं था। टीम ने सवाल उठाया है कि अगर रिकॉर्ड कंपनी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को गाने के इस्तेमाल के अधिकार दिए हैं, तो ऐसा किस अधिकार के आधार पर किया गया। हालांकि, गाना रिलीज करने वाली म्यूजिक कंपनी ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने रैपरिया बालम के कॉपीराइट संबंधी दावे का खंडन किया है। विवाद के बीच कंपनी की ओर से फिल्म के मेकर्स को गाने के राइट्स दिए जाने की बात भी सामने आई है।
4 सितंबर को रिलीज हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को रिलीज हुई। फिल्म के एक हिंसक सीन में ‘शूरवीर’ गाने का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म रिलीज होने के बाद रैपरिया बालम ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उनकी अनुमति के बिना गाना फिल्म में इस्तेमाल किया गया। उनकी टीम का आरोप है कि महाराणा प्रताप की वीरता पर बनाए गए गाने का इस्तेमाल फिल्म में विलेन के महिमामंडन के लिए किया गया, जिस पर उन्हें आपत्ति है।
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी से संपर्क की कोशिश
रैपरिया बालम की टीम ने इस मामले को लेकर फिल्म के निर्माता एक्सेल एंटरटेनमेंट से जुड़े फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी से संपर्क करने की कोशिश की। टीम के मुताबिक, फरहान अख्तर की ओर से फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है। वहीं, रितेश सिधवानी ने मैसेज के जवाब में कहा कि उनकी टीम इस मामले पर बात करेगी। फिलहाल ‘शूरवीर’ गाने के कॉपीराइट और फिल्म में इसके इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच विवाद जारी है। अब देखना होगा कि मेकर्स इस लीगल नोटिस पर क्या कदम उठाते हैं और क्या फिल्म से गाना हटाया जाता है।