‘मिर्जापुर’ की दुनिया ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है और अब इसी कहानी के चर्चित किरदार बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बढ़ रही है। गुड्डू पंडित और कलीन भैया की वापसी ने फिल्म को लेकर फैंस का क्रेज और बढ़ा दिया है।
तीन सीजन तक दर्शकों को खून-खराबे, सत्ता की लड़ाई, विश्वासघात और जबरदस्त ड्रामे से बांधे रखने वाली ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब सिनेमाघरों का रुख कर रही है। बड़े पर्दे पर इस दुनिया का विस्तार देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
‘किंग ऑफ मिर्जापुर’ के सिंहासन की फिर होगी जंग
‘मिर्जापुर’ की पहचान उसके दमदार किरदारों और सत्ता के लिए होने वाली खूनी जंग से रही है। अब फिल्म में गुड्डू पंडित और कलीन भैया एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। निर्माताओं ने टीजर और ट्रेलर के जरिए फिल्म की झलक दिखाकर दर्शकों की उत्सुकता पहले ही बढ़ा दी है।
फिल्म से जुड़े अपडेट्स को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा देखने को मिल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सिनेमाघरों में ‘मिर्जापुर’ का वही पुराना तेवर और मनोरंजन का अंदाज देखने को मिल सकता है, जिसके लिए यह फ्रेंचाइजी जानी जाती है।
CBFC ने दिया ‘A’ सर्टिफिकेट
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की ओर से ‘A’ सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म की अवधि भी काफी लंबी है। इसका रनटाइम 3 घंटे 17 मिनट बताया गया है।
टीजर और ट्रेलर में नजर आए एक्शन और कहानी के तेवर को देखते हुए फिल्म से भरपूर मनोरंजन की उम्मीद की जा रही है। दर्शकों के बीच पहले से मौजूद जबरदस्त उत्साह को देखते हुए फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन करने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
4 सितंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और लेखन की जिम्मेदारी पुनीत कृष्णा ने संभाली है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर तहलका मचा चुकी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया जब बड़े पर्दे पर उतरेगी, तो गुड्डू पंडित और कलीन भैया का ‘भौकाल’ बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ता है।