कनाडा में पंजाबी मूल की सवरीत कौर ने फर्जी रेंटल व

कनाडा में भारतीय युवती का बड़ा फ्रॉड , किराए के नाम पर लाखों की ठगी!

कनाडा के ब्रैम्पटन में रहने वाली 27 वर्षीय पंजाबी मूल की सवरीत कौर पर रेंट के नाम पर करीब 41 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर अलग-अलग मकानों के आकर्षक विज्ञापन पोस्ट किए और हर घर का किराया करीब 1700 डॉलर बताया। घर पसंद आने पर वह लोगों से एडवांस जमा कराने के लिए कहती थी। पेमेंट मिलते ही वह उन्हें एक पता भेज देती। लेकिन जब लोग सामान लेकर वहां पहुंचते, तो पता चलता कि मकान किराए के लिए उपलब्ध ही नहीं था। इस तरह 17 लोग ठगी का शिकार बने। शिकायत के बाद पुलिस ने सवरीत कौर को गिरफ्तार कर लिया।

युवती ने कैसे 17 लोगों को ठगा…

फर्जी विज्ञापन बनाकर अपलोड किए

पुलिस के मुताबिक यह पूरा फर्जीवाड़ा मई 2025 से फरवरी 2026 के बीच किया गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल प्लेटफॉर्म्स पर ब्रैम्पटन में बेसमेंट और अपार्टमेंट किराए पर उपलब्ध होने के फर्जी विज्ञापन डाले थे।

​रेंटल एग्रीमेंट कर एडवांस पेमेंट ली

इन विज्ञापनों को असली समझकर कई लोग सवरीत कौर के संपर्क में आ गए। उन्होंने आरोपी के साथ रेंटल एग्रीमेंट साइन कर लिए और पहले व आखिरी महीने के किराए के रूप में एडवांस पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

लोग सामान लेकर पहुंचे तो हुआ खुलासा

पील पुलिस के अनुसार एडवांस किराया देने के बाद पीड़ित लोग अपना सामान लेकर नए घर में शिफ्ट होने पहुंचे। इनमें से कई लोग अपना पुराना मकान पहले ही खाली कर चुके थे। लेकिन जब वे बताए गए पते पर पहुंचे तो पता चला कि वहां पहले से दूसरे लोग रह रहे हैं। जिस मकान का किराया उन्होंने दिया था, वह किराए के लिए उपलब्ध ही नहीं था।

​जांच की तो ठगी सामने आई

पील पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान ऐसे 17 अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। इन सभी मामलों में पीड़ितों को कुल 60 हजार डॉलर से अधिक का चूना लगाया गया। हैरानी की बात यह रही कि किसी भी पीड़ित को न तो वादा किया गया घर मिला और न ही उनकी रकम लौटाई गई।

13 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया

जांच पूरी होने और ठगी कंफर्म होने पर 13 जुलाई को सवरीत कौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे बेल हियरिंग के लिए ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस की हिरासत में रखा गया है। पील रीजनल पुलिस ने आम जनता, अप्रवासी और नए किराएदारों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर रेंटल प्रॉपर्टी खोजते समय ज्यादा सावधानी बरतें।

पुलिस ने सलाह दी है कि ​पैसे ट्रांसफर करने से पहले प्रॉपर्टी को खुद जाकर देखें। बिना पूरी जांच के किसी भी प्रकार की एडवांस पेमेंट न भेजें। युवती की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस ने 22 जुलाई को मीडिया से साझा की।