'युवाओं के हाथों में नशा नहीं, राष्ट्र निर्माण का सपना हो': मुख्यमंत्री सैनी ने नशा मुक्त हरियाणा का लिया संकल्प
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित 'नशा मुक्त हरियाणा' विषयक संवाद कार्यक्रम में गैर-सरकारी संगठनों (NGO), केमिस्ट एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ सहभागिता करते हुए राज्य को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और सशक्त भविष्य का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का कार्यक्रम उस हरियाणा के निर्माण का उद्घोष है, जहां युवाओं के हाथों में नशा नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सपना हो। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से हरियाणा उदय अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता के माध्यम से राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
'नशा कानून व्यवस्था ही नहीं, मानवता का भी विषय'
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विषय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा उदय अभियान के माध्यम से राज्य में सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा दी गई है और इस सामाजिक चुनौती का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी NGO, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस अधिकारियों, केमिस्ट एसोसिएशन और जागरूक नागरिकों का स्वागत करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
हर गांव और हर मोहल्ले में चले नशा विरोधी अभियान
मुख्यमंत्री ने समाजसेवी संगठनों से अपील की कि वे प्रत्येक गांव, वार्ड और मोहल्ले में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने केमिस्ट एसोसिएशन की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केमिस्ट केवल दवा विक्रेता नहीं, बल्कि समाज के स्वास्थ्य के प्रहरी हैं। उन्हें विश्वास है कि हरियाणा का केमिस्ट समाज अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा बेचने वालों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि समाज में नशे की मांग को समाप्त करना भी है।
11 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज, टास्क फोर्स बनाने का ऐलान
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की है। इसके साथ ही अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने घोषणा की कि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार, गांव, मोहल्ले और शहर को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि नई सामाजिक चेतना का दीप है, जिसे जनभागीदारी के बल पर पूरे हरियाणा में प्रज्ज्वलित किया जाएगा।