राजधानी फिर हुई शर्मसार कॉन्स्टेबल ने किया नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म,बेटी के बर्थडे के बहाने बुलाकर बनाया बंधक
राजधानी भोपाल में 17 साल की नाबालिग छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। जहा आरोपी कॉन्स्टेबल ने अपनी बेटी के बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को मिलने बुलाया। और इसके बाद उसे कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। चौकाने वाली बात तो यह है कि इस दौरान उसका साथी पुलिसकर्मी अपने 3-4 साल के बेटे के साथ बाहर पहरा देता रहा। पीड़िता की शिकायत के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले पर पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी विशेष सशस्त्र बल (SAF) में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। पीड़िता की शिकायत पर पहले कमला नगर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
बता दें कि इसके बाद जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है।
आईए जानते है वारदात को अंजाम कैसे दिया
बता दें कि धार में पदस्थ कॉन्स्टेबल संतोष सेन ने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के मोबाइल से पीड़िता को फोन कर अपनी बेटी की जन्मदिन पार्टी में आने का निमंत्रण दिया। शाम करीब 6:30 बजे जब किशोरी लाल परेड मैदान के पास पहुंची तो वहां संतोष सेन और ग्वालियर में पदस्थ आरक्षक जितेंद्र राजपूत कार में मौजूद थे। कार में जितेंद्र का बेटा भी बैठा था। इस दौरान आरोप है कि संतोष ने पहले अपनी बेटी के जन्मदिन का हवाला देकर पीड़िता का भरोसा जीता, फिर उसे एमपी नगर स्थित एक मकान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस वारदात के समय जितेंद्र राजपूत अपने छोटे बेटे के साथ बाहर मौजूद रहा और किसी के आने-जाने पर नजर रखता रहा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पीड़िता ने परिवार को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पीड़िता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।