बेटियों ने रचा इतिहास, ईशा सिंह ने गोल्ड तो मनु भाकर ने ब्रॉन्ज़ मेडल किया अपने नाम
हांगझोऊ शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत की ईशा सिंह ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। तो वहीं, दूसरी ओर मनु भाकर ने 25 m पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने में सफलता हासिल की। ईशा सिंह ने 25 m पिस्टल स्पर्धा में 40 टारगेट पर निशाना साधा और घरेलू पसंदीदा खिलाड़ी युएगुए झांग से आगे रहकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
ईशा के करियर में बड़ी उपलब्धि
यह गोल्ड मेडल हैदराबाद की 21 साल की ईशा सिंह के करियर में बड़ी उपलब्धि है। इस सीजन की शुरुआत में म्यूनिख में हुए ISSF वर्ल्ड कप में ईशा सिंह ने फाइनल में 43 हिट्स के साथ सीनियर और जूनियर दोनों वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा था। पेरिस 2024 ओलंपियन और अर्जुन अवॉर्ड विजेता ईशा दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई।
भारत को 3 मेडल
हांगझोऊ शूटिंग मीट एक संयुक्त ISSF वर्ल्ड कप है, जिसमें राइफल, पिस्टल और शॉटगन शूटर हिस्सा ले रहे हैं और यह मंगलवार को खत्म होगा। 2 बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने एक रोमांचक डबल शूट-ऑफ में नॉर्थ कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक को हराकर ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। इसके साथ ही, हांगझोऊ में भारत के मेडल्स की संख्या 3 हो गई है, इससे पहले संयम ने महिलाओं के 10 m एयर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अब भारत मेडल टेबल में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है, चीन ने अब तक 14 मेडल जीत लिए हैं, जिनमें 6 गोल्ड मेडल शामिल हैं।