दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट को राजकोट में आ

दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो डिब्बे से निकला धुआं

इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग

दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट की राजकोर्ट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार पायलट ने विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं निकलते देखा था, इसके बाद राजकोट एयरपोर्ट को इमरजेंसी की सूचना देकर फ्लाइट को राजकोट में लैंड कराया गया। 

फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

फ्लाइट में पायलट क्रू समेत 194 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट के अफसरों के मुताबिक फ्लाइट में सवार सभी पैसेंजर और क्रू को सुरक्षित उतार लिया गया है। खबर है कि सभी को दूसरे फ्लाइट से शाम 7 बजे मुंबई रवाना किया जाएगा। राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिलते ही राजकोट नगर निगम के 2 फायर ब्रिगेड वाहन और 2 एम्बुलेंस तुरंत एयरपोर्ट पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड कर्मी और डॉक्टर मौके पर तैयार थे। 

कार्गो डिब्बे से निकला धुआं

CISF और हवाई अड्डा पुलिस सहित अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। पुलिस का बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। एयरपोर्ट डायरेक्टर दिगंत बोराह ने बताया कि प्लेन के कार्गो डिब्बे में धुआं निकलने के कारण दोपहर 2:45 बजे टोटल इमरजेंसी डिक्लेयर की गई। इसके बाद फ्लाइट ने दोपहर 3:27 बजे राजकोट एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 194 यात्री सुरक्षित हैं। 

फ्लाइट में सवार सभी पैसेंजर और क्रू को प्लेन से उतारकर रेस्ट हाउस में रखा गया है। विमान की जांच कर ली गई। हालांकि अभी तक आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी उड़ान रोकी गई है। पूरी जांच के बाद ही विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।