बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और उनके बेटे यशवर्धन आहूजा को बुधवार को मुंबई के फैमिली कोर्ट में देखा गया। दोनों के कोर्ट पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों कोर्ट में किस मामले को लेकर पहुंचे थे, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
बेटे यशवर्धन ने कैमरों से बचाया
कोर्ट के बाहर मौजूद पैपराजी ने सुनीता और यशवर्धन से सवाल किया कि अंदर क्या हुआ। इस पर यशवर्धन ने कहा, “कुछ नहीं हुआ। जाने दीजिए।” इसके बाद वह अपनी मां को कैमरों से बचाते हुए कार तक लेकर गए। कार में बैठने से पहले सुनीता ने भी पैपराजी के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “बर्थडे मनाने गए थे।” इसके बाद वह बेटे के साथ कार में बैठकर वहां से रवाना हो गईं।
गोविंदा के मैनेजर को भी नहीं जानकारी
मामले को लेकर जब मीडिया ने गोविंदा के मैनेजर से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में सुनीता और यशवर्धन के फैमिली कोर्ट पहुंचने की असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है।
पहले भी तलाक की खबरों ने खींचा था ध्यान
गौरतलब है कि सुनीता आहूजा और गोविंदा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार खबरें सामने आती रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने दिसंबर 2024 में बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। बाद में इस मामले की खबर सार्वजनिक हुई थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि याचिका में सुनीता ने गोविंदा पर क्रूरता, बेवफाई और परित्याग जैसे आरोप लगाए थे। हालांकि, दोनों के रिश्ते और कथित कानूनी कार्रवाई को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। मौजूदा समय में फैमिली कोर्ट में उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर इस मामले को चर्चा में ला दिया है।
को-एक्ट्रेस को लेकर भी हुआ था विवाद
हाल ही में गोविंदा को उनकी आगामी कमबैक फिल्म ‘रूपा’ की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया था। इसके बाद सुनीता ने गोविंदा और उनकी को-एक्ट्रेस को लेकर सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी की थी। उन्होंने गोविंदा के एक कम उम्र की अभिनेत्री के साथ घूमने पर नाराजगी जताई थी और अभिनेत्री के ड्रेसिंग सेंस पर भी टिप्पणी की थी।
सुनीता के बयान पर भड़के थे गोविंदा
सुनीता के बयानों पर गोविंदा ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने पत्नी को अपनी सीमाओं में रहने की नसीहत देते हुए कहा था कि उनके काम में हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए। गोविंदा ने अपनी को-एक्ट्रेस का बचाव करते हुए कहा था कि किसी गरीब परिवार से आने वाले कलाकार को इस तरह बदनाम या अपमानित नहीं किया जाना चाहिए। गोविंदा ने सुनीता के सार्वजनिक बयानों पर नाराजगी जताते हुए यह भी कहा था कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बात इस स्तर तक पहुंचेगी। फिलहाल सुनीता और यशवर्धन के फैमिली कोर्ट पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं है। कोर्ट से जुड़े दस्तावेज या परिवार की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दोनों वहां किस मामले के सिलसिले में पहुंचे थे।