बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: प्रमोद नौटियाल को किया गिरफ्तार, SIT ने देहरादून से पकड़ा
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले में चमोली पुलिस की SIT ने बद्री-केदार मंदिर समिति के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया गया है। SIT ने उन्हें देर रात देहरादून स्थित उनके नेहरू कॉलोनी स्थित घर से हिरासत में लिया। प्रमोद नौटियाल को चमोली लाया गया, जहां बद्रीनाथ थाने में पूछताछ की जा रही है।
प्रमोद नौटियाल को किया गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक SIT की टीम सादी वर्दी में देहरादून पहुंची थी। बद्रीनाथ थाने में पूछताछ के दौरान जब प्रमोद नौटियाल से पूछा गया कि क्या चढ़ावा चोरी के मामले में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी शामिल हैं तो उन्होंने मना कर दिया। मामले में 10 जुलाई को हाईकोर्ट ने प्रमोद नौटियाल की याचिका पर सुनवाई की थी। साथ ही मंदिर समिति से चढ़ावा मामले में 16 जुलाई को स्थिति स्पष्ट करते हुए जवाब दाखिल करने को कहा।
परिजनों ने की शिकायत दर्ज
नौटियाल को सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए थे। काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन ने देहरादून के नेहरू कॉलोनी बाईपास चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में परिजन हेमलता नौटियाल ने कहा कि कुछ लोग पूछताछ के नाम पर उन्हें अपने साथ ले गए और काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिली। परिवार ने शुरुआत में अपहरण की आशंका भी जताई थी। परिवारवालों का कहना था कि प्रमोद ने नैनीताल हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिस पर 16 जुलाई को सुनवाई है। इसी आधार पर उन्हें इस तरह साथ ले जाने पर परिवार ने चिंता जताई। बाद में चमोली पुलिस ने उनकी हिरासत की पुष्टि कर दी।
कब हुई मामले की शुरूआत?
बता दे पूरे विवाद की शुरुआत 2 जुलाई को हुई। इसी दिन BKTC को बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की थाली भेंट की गणना के दौरान कथित अनियमितता की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गणना स्थल से नियमों के विपरीत धनराशि हटाई गई। इसी दौरान की CCTV फुटेज में नौटियाल मोबाइल के नीचे नोटों जैसी गड्डी दबाकर ले जाते हुए दिखाई दिए। मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद BKTC ने विभागीय जांच शुरू कर दी।