'रामायण' का इंतजार खत्म: ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ ट्रेलर, रणबीर के राम और यश के रावण ने फेंस का जीता दिल
भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'रामायण' का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म का पहला ट्रेलर गुरुवार सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में दुनिया भर में रिलीज किया गया। ट्रेलर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में एक साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लॉन्च किया गया। धार्मिक आस्था और भारतीय परंपरा को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने ब्रह्म मुहूर्त में ट्रेलर रिलीज करने का फैसला लिया, जिसे फैंस ने भी खासा सराहा।
करीब तीन मिनट के ट्रेलर में भव्य विजुअल्स, शानदार सिनेमैटोग्राफी, दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और बड़े पैमाने पर तैयार किए गए सेट्स ने पहली ही झलक में फिल्म की भव्यता का एहसास करा दिया। ट्रेलर में भगवान श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर का शांत, तेजस्वी और मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा। बिना किसी अतिनाटकीय प्रस्तुति के रणबीर का संयमित अभिनय दर्शकों को प्रभावित करता दिखाई देता है।
वहीं साई पल्लवी ने माता सीता के किरदार में अपनी सहजता और सादगी से अलग पहचान बनाई है। उनका लुक पारंपरिक और गरिमामयी नजर आता है। दूसरी ओर, फिल्म में रावण बने यश की एंट्री ट्रेलर का सबसे चर्चित पल बन गई। दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, प्रभावशाली व्यक्तित्व और अलग अंदाज में दिखाए गए रावण के किरदार ने सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है।
रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में समर्पित और दृढ़ नजर आए, जबकि सनी देओल की हनुमान के रूप में छोटी-सी झलक ने भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी। खास बात यह भी है कि 1987 के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
सोशल मीडिया पर छाया ट्रेलर
ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर #Ramayana, #RanbirKapoor और #Yash जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स ने इसे भारतीय सिनेमा का सबसे भव्य प्रोजेक्ट बताया। एक यूजर ने लिखा कि यह केवल फिल्म नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी कहानी है। वहीं कई दर्शकों ने रणबीर कपूर के शांत अभिनय और यश के प्रभावशाली रावण अवतार की जमकर तारीफ की।हालांकि हर प्रतिक्रिया सकारात्मक नहीं रही। कुछ दर्शकों ने साई पल्लवी के लुक और हिंदी संवादों पर सवाल उठाए, जबकि कुछ का मानना है कि ट्रेलर में कहानी की बजाय विजुअल इफेक्ट्स पर अधिक जोर दिया गया है। इसके बावजूद अधिकांश दर्शकों ने फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने की उत्सुकता जताई है।
दो ऑस्कर विजेताओं का संगीत
फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में इसका संगीत भी शामिल है। पहली बार भारत के दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस जिमर किसी भारतीय फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं। ट्रेलर में सुनाई देने वाला बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
₹4,000 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बनने वाली 'रामायण' का कुल बजट करीब ₹4,000 करोड़ बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG और प्राइम फोकस स्टूडियोज ने संभाली है। मेकर्स का दावा है कि दर्शकों को विश्वस्तरीय सिनेमाई अनुभव देने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
कब होगी रिलीज?
फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा। ट्रेलर के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म के अगले प्रमोशनल कंटेंट और थिएटर रिलीज पर टिक गई हैं।