असम बाढ़ में फंसीं देवोलीना भट्टाचार्जी की मां, नानी और मौसी का घर डूबा; एक्ट्रेस बोलीं- 'सब खत्म हो गया'
टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी इन दिनों गहरे तनाव में हैं। असम में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इस आपदा के बीच देवोलीना की मां भी असम में फंसी हुई हैं। अपनी चिंता और बेबसी को साझा करते हुए एक्ट्रेस भावुक हो गईं और कहा कि वह चाहकर भी अपनी मां के पास नहीं जा पा रही हैं।
वीडियो शेयर कर बयां किया दर्द
देवोलीना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि वह अब तक इसलिए चुप थीं क्योंकि उन्हें पता था कि इस विषय पर बात करते हुए वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाएंगी। उन्होंने कहा कि असम उनका जन्मस्थान है और उनकी स्कूलिंग व कॉलेज की पढ़ाई भी वहीं हुई है, इसलिए वहां की तबाही उन्हें अंदर तक झकझोर रही है।
मां सुरक्षित, लेकिन नानी और मौसी का घर पूरी तरह डूबा
एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी मां इस समय असम के नाजिरा में हैं। उन्होंने राहत की बात करते हुए कहा कि जहां उनका पुराना घर है, वहां बाढ़ का असर अपेक्षाकृत कम है। हालांकि उनकी नानी और मौसी का घर पूरी तरह पानी में डूब चुका है।
भावुक होते हुए देवोलीना ने कहा, "सब खत्म हो चुका है... कुछ भी नहीं बचा है।"
छोटे बच्चे की वजह से नहीं जा पा रहीं असम
देवोलीना ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वह इस मुश्किल समय में अपने परिवार के पास नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह अकेली होतीं तो तुरंत असम चली जातीं, लेकिन छोटे बच्चे की जिम्मेदारी के कारण ऐसा संभव नहीं है। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर रही है।
भावुक हुईं एक्ट्रेस, फैंस ने दिया हौसला
अपना दर्द साझा करते हुए देवोलीना की आंखों से आंसू छलक पड़े। उनका वीडियो सामने आने के बाद फैंस लगातार उन्हें हिम्मत रखने और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने की बात कह रहे हैं।
असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, विस्थापन और भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में हजारों परिवार राहत और बचाव कार्यों का इंतजार कर रहे हैं।